जागेश्वर धाम: देवदारों की छाँव में महादेव का दिव्य धाम 🔱 | एक आध्यात्मिक यात्रा
All stories
Jageshwar, Uttarakhand 3 min read Dr. S. D. Pant 29 views
A journey remembered

जागेश्वर धाम: देवदारों की छाँव में महादेव का दिव्य धाम 🔱 | एक आध्यात्मिक यात्रा

Published 22 Oct 2026

जागेश्वर पहुँचे तो जैसे दुनिया की आवाज पीछे छूट गई।
देवदार के विशाल वृक्ष।
प्राचीन मंदिर।
ठंडी हवा।
और एक ऐसी शांति कि लगता था पेड़ भी ध्यान में बैठे हैं।
मयंक ने मोबाइल निकाला।
मैंने कहा—
“आज फोटो कम।”
मामा बोले—
“क्यों?”
“अनुभव ज्यादा।”
मामा बोले—
“लेकिन फोटो नहीं होगी तो लोग मानेंगे कैसे कि हम आध्यात्मिक थे?”
मैंने कहा—
“जिसे प्रमाण की जरूरत हो, उसे अनुभव कहाँ होगा?”
मयंक बोला—
“और जिसे Instagram की जरूरत हो?”
मामा ने तुरंत कहा—
“उसे filter मिलेगा।”
हम फिर हँस पड़े।
इसी बीच हमारी नजर एक नवविवाहित जोड़े पर पड़ी।
दोनों बड़े प्रेम और श्रद्धा से मंदिर में दर्शन कर रहे थे।
मयंक ने मुझे देखा।
मैंने मयंक को देखा।
दोनों उस समय कुँवारे थे।
और मामा?
मामा तो गृहस्थ जीवन के अनुभवी साधक थे।
हम दोनों के मन में एक ही सवाल उठा।
मयंक ने धीरे से मेरी तरफ देखकर Garhwali में कहा—
“Hamar to theek cha… par yu kya khujayana holu?”
मैंने हँसी रोकते हुए कहा—
“शायद भगवान से कुछ विशेष माँगने आए होंगे।”
हम दोनों हँसी दबाने लगे।
लेकिन हमारी फुसफुसाहट मामा के कानों तक पहुँच चुकी थी।
हम दोनों चुप।
मयंक बोला—“मामा, आपकी शादी को कितने साल हो गए?”
मामा ने गहरी साँस ली—
“इतने कि अब साल नहीं गिनता… अनुभव गिनता हूँ।”
हम दोनों फिर हँस पड़े।
फिर मामा ने हमारी तरफ देखकर कहा—
“देखो भाइयो, मंदिर में लोग अपनी-अपनी मनोकामना लेकर आते हैं। कोई धन माँगता है, कोई स्वास्थ्य, कोई शांति… और कोई जीवनसाथी।”
मयंक बोला—
“और जो शादीशुदा है?”
मामा ने तुरंत कहा—
“वह शांति माँगता है!”
मंदिर के शांत वातावरण में हमारी हँसी गूँज उठी।
मैंने मन ही मन सोचा—
शायद यही जीवन का अद्भुत विरोधाभास है।
जो अकेला है, वह साथ खोजता है।
जो साथ में है, वह शांति खोजता है।
और जो दोनों से ऊपर उठ गया, वह कहता है—
“जो है, वही पूर्ण है।”
तभी मयंक ने मामा से कहा—
“तो मामा, अद्वैत का क्या अर्थ हुआ?”
मामा बोले—
“अद्वैत का मतलब है—दो नहीं।”
मैंने पूछा—
“और विवाह?”
मामा बोले—
“विवाह का मतलब है—दो थे, अब दो की जिम्मेदारी एक की!”
मयंक ने माथा पकड़ लिया और कहा—
“मामा, आपने तो वेदांत को गृहस्थी में उतार दिया।”
मामा मुस्कुराए—
“बेटा, किताबों में अद्वैत पढ़ना आसान है… असली अद्वैत तब समझ आता है जब पत्नी कहे—‘ये काम तुमने किया?’ और तुम कहो—‘हमने किया हमने किया हमने किया।’”
हम तीनों फिर हँस पड़े।
लेकिन उसी हँसी के बीच जागेश्वर का मौन जैसे हमें धीरे से भीतर बुला रहा था।
देवदार स्थिर थे।
घंटियाँ बज रही थीं।
और महादेव की उपस्थिति जैसे कह रही थी—
“तुम लोग जीवन को बहुत गंभीरता से मत लो…
यह यात्रा है, परीक्षा नहीं।”
हमने शिवलिंग के सामने सिर झुकाया।
कुछ माँगा नहीं।
बस कुछ पल खड़े रहे।
जागेश्वर में खड़े होकर मेरे मन में शिव का विचार आया।

शिव बाहर किसी मूर्ति में ही नहीं हैं।
शिव उस मौन में भी हैं।
उस हवा में भी।
उस पहाड़ में भी।
और उस चेतना में भी जो इन सबको देख रही है।

मैंने दोनों से कहा—
“अंततः हम और शिव अलग कहाँ हैं?”

मामा बोले—
“तो आज से तुम शिव और मैं विष्णु।”

मयंक बोला—
“और मैं?”

मामा—
“तुम पहले चाय लेकर आओ, फिर तय करेंगे।”

मैंने कहा—
“यही है हमारा भारतीय दर्शन—ब्रह्म एक है, लेकिन जिम्मेदारी अलग-अलग।”

Reflections

Join the conversation

1 comments
@mayanksuyal

jaise he mujhe gyaan milne wala tha, mama ne chai lene bhej diya !!!! 🥲